यूपी के अमेठी में सोमवार को पूर्व सांसद स्मृति ईरानी एक दिवसीय दौरे पर पहुंचीं। इन्हौना में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। नारेबाजी के साथ समर्थकों ने उनका अभिवादन किया। इन्हौना से निकलकर स्मृति ईरानी शक्ति पीठ अहोरवा भवानी मंदिर पहुंचीं। वहां पर विधि विधान से मां के दर्शन और पूजन किया। इसके बाद उनका काफिला अन्य प्रमुख देवी मंदिरों की ओर बढ़ा। वहां भी उन्होंने पूजा-अर्चना की। लोकसभा चुनाव हारने के बाद यह उनका दूसरा दौरा है। इस दौरान जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ता और नेता स्वागत के लिए खड़े रहे। शाम को वह गौरीगंज स्थित अपने आवास मेदन मवई गांव भी पहुंचेंगी। वहां पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी। संगठन मजबूती पर चर्चा करेंगी। साथ ही आगामी समय के लिए राजनीतिक रणनीति पर मंथन करेंगी।