पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर अमेठी पहुंचीं। लोकसभा चुनाव में पराजय के बाद यह उनका पहला दौरा था। लखनऊ एयरपोर्ट से रवाना होकर लखनऊ-वाराणसी हाईवे होते हुए जैसे ही वह जिले की सीमा में दाखिल हुईं, कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह दिखा। इनहौना कस्बा से लेकर उतेलवा मोड़, जगदीशपुर चौराहा और अन्य स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और बुके के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद वह जगदीशपुर क्षेत्र के पालपुर गांव पहुंची। यहां उन्होंने चंद्र कुमार कौशल के परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। कहा कि इस दुख की घड़ी में वह परिवार के साथ हैं। साथ ही आपदा राहत के तहत परिजनों को जल्द ही चार-चार लाख रुपये की सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिया। बताते चलें एक दिन पहले रविवार को पालपुर गांव निवासी चंद्र कुमार कौशल (60), भाई बाल चंद्र कौशल (42) और भतीजे अर्यांश (13) की गंगा में डूबने से मौत हो गई थी।