जायस के मवई आलमपुर गांव में घर में घुसकर महिला को बंधक बनाकर मारपीट और लूट की घटना में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने शनिवार रात को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से लूट के आभूषण, नकदी और तमंचा बरामद किया गया है। मवई आलमपुर गांव में दो जून की शाम तीन बदमाशों ने घर में घुसकर सिलाई का काम कर रही महिला को बंधक बना लिया था। आरोपियों ने महिला के हाथ और मुंह बांधकर पिटाई की थी। इसके बाद अलमारी की चाबी लेकर उसमें रखे जेवरात और नकदी लूटकर चले गए थे। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई थी और पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की थी।