अमेठी में मुसाफिरखाना रेलवे स्टेशन पर बुधवार शाम अहमदाबाद-सुल्तानपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस में चढ़ने को लेकर यात्रियों और उनके साथ आए लोगों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। जानकारी के अनुसार, अहमदाबाद-सुल्तानपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस निर्धारित समय से काफी देरी से स्टेशन पहुंची। ट्रेन सुबह 11 बजे आने वाली थी, लेकिन शाम करीब 6 बजकर 43 मिनट पर प्लेटफॉर्म पर पहुंची। ट्रेन आते ही यात्रियों की भीड़ बढ़ गई और चढ़ने को लेकर धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान कुछ लोगों के बीच कहासुनी होने लगी, जो बाद में मारपीट में बदल गई। प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घटना के दौरान कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। विवाद के बाद दोनों पक्ष बिना शिकायत दिए वहां से चले गए। स्टेशन अधीक्षक अमित शुक्ला ने बताया कि अहमदाबाद-सुल्तानपुर एक्सप्रेस साप्ताहिक ट्रेन है, इसलिए इसमें यात्रियों की संख्या अधिक रहती है। उन्होंने बताया कि मारपीट की घटना को लेकर किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से धैर्य बनाए रखने और व्यवस्थित तरीके से ट्रेन में चढ़ने की अपील की है।