फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमेठी में सरकारी टंकी की सफाई के दौरान करंट लगने से युवक की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

Bhupendra Singh Updated Mon, 08 Jun 2026 10:48 AM IST

यूपी के अमेठी में संग्रामपुर के पूरे मुरारपुर मजरे उत्तरगांव निवासी अभयनंदन (22) की सोमवार सुबह सरकारी टंकी की सफाई के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। रिपोर्ट दर्ज न होने तक उन्होंने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने से इन्कार कर दिया। मृतक के पिता शीतला प्रसाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार सुबह गांव के कुछ लोगों ने अभयनंदन को मजदूरी के लिए बुलाया था। आरोप है कि उसे सरकारी टंकी की सफाई के लिए सीढ़ी और अन्य सामान के साथ मौके पर ले जाया गया। सफाई के दौरान वह ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर मौजूद लोग उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और शव घर ले आए। परिजनों का आरोप है कि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए बिना युवक से टंकी की सफाई कराई गई। इससे उसकी जान चली गई। उन्होंने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची और जांच शुरू की। परिजनों ने साफ कहा कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज होने के बाद ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। देर शाम तक गांव में लोगों की भीड़ जुटी रही। थाना प्रभारी ने संजय सिंह बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें