अमेठी में उप निरीक्षक नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा शनिवार से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। सुबह से ही विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भीड़ नजर आई। केंद्रों पर प्रवेश से पहले परीक्षार्थियों की आई स्कैनिंग और बायोमीट्रिक सत्यापन किया गया, इसके बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। जिले में परीक्षा के लिए कुल 10 केंद्र बनाए गए हैं, जहां शनिवार और रविवार को दो पालियों में परीक्षा आयोजित हो रही है। परीक्षा की निगरानी के लिए प्रशासन ने पूरे जिले को दो जोन और 10 सेक्टर में बांटा है। प्रत्येक सेक्टर में सेक्टर मजिस्ट्रेट व स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। सभी परीक्षा केंद्रों पर ऑनलाइन सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से नजर रखी जा रही है। पुलिस कार्यालय परिसर में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से सभी केंद्रों की गतिविधियों की निगरानी हो रही है। सुरक्षा व्यवस्था में 370 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और प्रमुख चौराहों पर भी अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। दूरस्थ परीक्षा केंद्रों तक अभ्यर्थियों को पहुंचाने के लिए निशुल्क ई-रिक्शा की व्यवस्था की गई है तथा केंद्रों पर स्वयंसेवक भी लगाए गए हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए आधार कार्ड लाना अनिवार्य किया गया है। 120 मिनट में 160 वस्तुनिष्ठ प्रश्न हल करने होंगे। प्रत्येक सही उत्तर पर 2.5 अंक निर्धारित हैं। व्हाइटनर, इरेजर और ब्लेड का प्रयोग प्रतिबंधित रखा गया है। पुलिस अधीक्षक सरवण टी ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। केंद्रवार अभ्यर्थियों की संख्या इस प्रकार है गांधी इंटर कॉलेज कारारी लग्छनशाह – 240 श्री गोपाल इंटर कॉलेज पंडरी – 240 राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अमेठी – 240 राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गौरीगंज – 240 राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जामों – 240 राजकीय बालिका इंटर कॉलेज शाहगढ़ – 240 राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मुसाफिरखाना – 480 श्री रणंजय इंटर कॉलेज गौरीगंज – 480 श्री रणवीर इंटर कॉलेज अमेठी – 720 रणवीर रणंजय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अमेठी – 480