अंबेडकरनगर। सुबह तेज धूप के बाद अचानक मौसम में परिवर्तन आया और शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई। इस दौरान न सिर्फ गर्मी से राहत मिली बल्कि किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए पानी भी मिला। हालांकि, शहर की सड़कों पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। लोग बारिश से बचने के लिए जगह जगह टिनशेड के नीचे छिपते छिपाते नजर आए। शहर के रोडवेज बस स्टैंड से लेकर लोक निर्माण विभाग के दफ्तर तक फुटपाथ पर पानी भर गया। नाले-नालियां ओवरफ्लो हो जाने के कारण गंदा पानी भी सड़क पर बहने लगा। अयोध्या मार्ग पर कई स्थानों पर बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर गया। शहजादपुर बाजार में भी करीब एक घंटे के लिए जलभराव की स्थिति बनी रही। बारिश थमने के बाद भी आसमान में बादल छाए हुए हैं और भारी बारिश होने के आसार बने हुए हैं।