महामाया राजकीय मेडिकल कालेज सद्दरपुर टांडा के जूनियर रेजिडेंट डॉ. विशाल गुप्ता व उनकी महिला सहपाठी डॉ. मनस्विता के साथ मंगलवार शाम टांडा मार्ग पर दबंगों ने रोककर पीटा था। इस मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन बृहस्पतिवार को आक्रोशित हो उठा। नतीजतन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी सुबह से ही ठप हो गई। देखते ही देखते ओपीडी के गेट से लेकर पर्चा काउंटर तक हर तरफ भीड़ ही भीड़ नजर आने लगी। कई दौर की वार्ता के बाद भी जब बात नहीं बनी तो प्राचार्य डॉ. मुकेश यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने डीएम अनुपम शुक्ला अऔर एसपी केशव कुमार की ओर से मिले आश्वासन से अवगत कराया। इसके बाद सुबह करीब 10.35 बजे ओपीडी शुरू कराई गई। इसके बाद पर्चा काउंटरों की ओर मरीजों की भीड़ दौड़ पड़ी। दरअसल डॉ. विशाल गुप्ता मंगलवार शाम सात बजे अपनी सहपाठी डाॅ. मनस्विता के साथ स्कूटी से अकबरपुर-टांडा मार्ग पर एक माल में खरीदारी करने आए थे। यहां से दोनों वापस जाते समय एक एसयूवी से टकरा गए। हादसें के बाद दोनों रेजिडेंट नीचे गिर गए। जब तक दोनों संभल पाते तब तक उनपर दबाव बनाने के लिए एसयूवी सवार लोग नीचे उतर आए और स्कूटी की चाबी छीनने के साथ ही मारपीट की थी। इंस्पेक्टर श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि एसयूवी को पकड़ लिया गया और हमलावरों की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।