सावन के महीने में कांवड़ यात्रा के मद्देनजर अकबरपुर रेलवे स्टेशन और रोडवेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के ट्रेनों और बसों से आने-जाने की संभावना को देखते हुए पुलिस अलर्ट मोड पर है। स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। रविवार को सीओ सिटी नितीश तिवारी ने रेलवे स्टेशन के साथ ही रोडवेज परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सावन के महीने में कांवड़ यात्रा के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा करते हैं, जिससे रेलवे और बस स्टेशनों पर भीड़ बढ़ जाती है। इस भीड़ के प्रबंधन और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष उपाय किए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान, सीओ सिटी ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर यात्रियों के सामान की जांच का भी जायजा लिया। उन्होंने पुलिस और रेलवे पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से चलाए जा रहे सुरक्षा अभियानों की प्रभावशीलता को परखा। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पूरे सावन माह विशेष निगरानी रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार रहें। यात्रियों को पुलिस का पूरा सहयोग करने की अपील भी की।