अंबेडकरनगर जिला प्रशासन और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर रोड सेफ्टी (सीओईआरएस), आईआईटी मद्रास के संयुक्त तत्वावधान में दो सप्ताह तक चला अभियान मंगलवार को लोहिया भवन सभागार में संपन्न हो गया। समापन समारोह में अभियान की उपलब्धियों को साझा किया गया, उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। डीएम ईशा प्रिया ने कहा कि आईआईटी मद्रास के तकनीकी सहयोग से जिले में सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का वैज्ञानिक अध्ययन कराया गया। सड़क सुरक्षा ऑडिट के आधार पर ब्लैक स्पॉट और उभरते ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर वहां इंजीनियरिंग सुधार कार्य शुरू किए गए। उन्होंने बताया कि इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है और पिछले एक माह में सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 50 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। ''सड़क सुरक्षा सखी'' और ''सड़क सुरक्षा मित्र'' जैसी अभिनव पहल शुरू की गई, जिन्होंने गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद ने कहा कि सड़क सुरक्षा अभियान की वास्तविक सफलता तभी मानी जाएगी, जब हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना और यातायात नियमों का पालन लोगों की आदत बन जाएगा। समारोह में सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला, एएसपी पूर्वी डॉ. तेजवीर सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।