अंबेडकरनगर। महिलाओं को सशक्त बनाने और खेल जगत में उन्हें बढ़ावा देने के लिए मेरा युवा भारत के तत्वावधान रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर अस्मिता दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पुलिस लाइन मैदान में आयोजित कार्यक्रम जिले के विभिन्न ब्लॉकों से आई बालिकाओं ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ अकबरपुर नगरपालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश वर्मा व एएसपी श्यामदेव ने किया। पालिका अध्यक्ष ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। प्रतियोगिताओं के तहत 100 मीटर, 200 व 400 मीटर दौड़ कराई गई। इसके अलावा रस्साकसी प्रतियोगिता भी आयोजित कराई गई। 100 मीटर की दौड़ प्रतियोगिता में 13 वर्ष आयु वर्ग से कम में भियांव की प्रज्ञा, 13 से 18 आयु वर्ग में मोहसिनपुर अकबरपुर की साक्षी पाल व 18 वर्ष आयु वर्ग से अधिक में अकबरपुर की अमौली मोहिद्दीनपुर की पायल प्रथम स्थान पर रहीं। इसी तरह 200 मीटर में मोहसिनपुर की सुमन गुप्ता व मोहिद्दीनपुर की साक्षी पाल व पायल प्रथम रहीं। वहीं 400 मीटर की रेस में सुमन गुप्ता, सिकंदरपुर की गायत्री व अमौली की पायल प्रथम स्थान पर रहीं। जबकि रसाकस्सी में प्रेमलता टीम विजयी रही।