गुरुवार तड़के करीब तीन बजे आई तेज आंधी और बारिश ने जिले में भारी तबाही मचा दी। एक ओर लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर तेज हवाओं के चलते जिले भर में बिजली व्यवस्था चरमरा गई। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक करीब 100 बिजली खंभे टूटकर गिर गए, जिससे 200 से अधिक गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई स्थानों पर पेड़ उखड़कर सड़कों और बिजली लाइनों पर गिर पड़े। इसके चलते अनेक फीडरों की आपूर्ति ठप हो गई। शहर के कई मोहल्लों में रात से ही बिजली गुल है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में अंधेरा पसरा हुआ है। बिजली न होने से पेयजल संकट भी गहराने लगा है और लोगों को मोबाइल चार्जिंग समेत दैनिक कार्यों में परेशानी उठानी पड़ रही है। बारिश के कारण कई निचले इलाकों और प्रमुख मार्गों पर जलभराव की स्थिति बन गई। सुबह कार्यालय, स्कूल और बाजार जाने वाले लोगों को पानी भरी सड़कों से होकर गुजरना पड़ा। कुछ स्थानों पर यातायात भी प्रभावित रहा। बिजली विभाग की टीमें सुबह से ही क्षतिग्रस्त लाइनों और टूटे खंभों को दुरुस्त करने में जुटी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता के आधार पर आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है, हालांकि व्यापक नुकसान के कारण सभी क्षेत्रों में बिजली सामान्य होने में समय लग सकता है। मौसम के अचानक बदले रुख ने जहां लोगों को तपिश से राहत दी, वहीं जिले के सामने बिजली और जलभराव की नई चुनौती खड़ी कर दी है। प्रशासन और बिजली विभाग हालात सामान्य करने में जुटा हुआ