नगर पालिका की ओर से रोडवेज परिसर में लगाए गए वॉटर कूलर में करंट उतरने से एक अधेड़ की मौत हो गई। घटना सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे की है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार मेहनिया गांव निवासी बेचूलाल (50) पुत्र हरीराम रोडवेज परिसर स्थित नगर पालिका के वॉटर कूलर पर पानी पीने गए थे। इसी दौरान वॉटर कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि बेचूलाल पिछले 15-16 वर्षों से टांडा में रह रहे थे और जवाहिर नामक व्यक्ति के यहां रहकर चाट का व्यवसाय करते थे। स्थानीयों के अनुसार उनकी दो शादियां हुई थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।