अंबेडकरनगर से सपा सांसद लालजी वर्मा ने उपचुनाव में प्रशासन पर फिर से मतदाताओं को धमकाने का आरोप लगाया है। उन्होंने अपने वीडियो युक्त बयान में शनिवार को कहा कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी प्रधानों और कोटेदारों को अपने बूथ पर बीजेपी को जीत दिलाने का दबाव बना रहे हैं। सांसद ने अलग अलग अधिकारियों के पद और नाम का जिक्र किया। इसमें थानेदार तक शामिल हैं। कहा कि मेरे गांव को जाने वाली सड़क के मोड़ पर रोज चेकिंग की जा रही है। जिन वाहनों को मंजूरी मिली है उन्हें भी रोका जा रहा है। हमने लोगों से संपर्क साधने के लिए नाम सहित जो फोन नंबर नोट किए हैं। उनकी भी कॉपी की जा रही। यह निजता और गोपनीयता का उल्लंघन है। सांसद ने कहा कि बीजेपी की जो गाड़ियां चल रही हैं, प्रशासन को वह नहीं दिख रहा है। मनमानी यह है कि पाबंद करने की जो कार्रवाई हुई है, उसमें 99 फीसद लोग सपा के कार्यकर्ता हैं। प्रशासन उपचुनाव में हर तरह की मनमानी कर रहा है।