किछौछा दरगाह उर्स मेले को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने बृहस्पतिवार देर शाम मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम और एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उर्स के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने, यातायात को सुचारु बनाए रखने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।