अंबेडकरनगर में तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला बरकरार है। सोमवार को तापमान करीब तीन डिग्री सेल्सियस उछलकर 37 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। इसके साथ ही डायरिया और बुखार के मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी है। जिला अस्पताल में सोमवार सुबह से ही मरीजों की भीड़ देखने को मिली। उल्टी, दस्त, बुखार और कमजोरी की शिकायत लेकर बड़ी संख्या में लोग उपचार के लिए पहुंचे। ओपीडी में पर्चा काउंटर से लेकर डॉक्टर कक्ष तक मरीजों की कतार लगी रही। चिकित्सकों ने लोगों को बढ़ती गर्मी में खानपान और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। इस बीच मरीजों को उस समय परेशानी का सामना करना पड़ा जब डॉ. विवेक पांडेय दोपहर 12 बजे तक अस्पताल नहीं पहुंचे। डॉक्टर के इंतजार में कई मरीज काफी देर तक बैठे रहे।