अंबेडकरनगर में एसआईआर अभियान के तहत जारी नोटिसों के सापेक्ष लगने वाली सुनवाई में मतदाताओं की संख्या काफी कम है। शनिवार को अकबरपुर ब्लॉक में बीडीओ राजेंद्र कुमार तिवारी अलग-अलग बूथों के मतदाताओं की सुनवाई करने पहुंचे। यहां करीब 170 मतदाताओं को बुलाया गया था, लेकिन इसके सापेक्ष दोपहर तक आधे भी लोग नहीं पहुंचे थे। जो मतदाता आ रहे थे, उनके पास पर्याप्त दस्तावेज न होने के कारण उन्हें लौटाया जा रहा था। दूसरे जनपद से आईं विवाहिताओं को अपने मायके से दस्तावेज मंगाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। शहजादपुर की रजनी अयोध्या से ब्याह कर यहां रह रही हैं। इन्हें नोटिस जारी किया गया था, जिसके बाद मायके से प्रपत्र मंगवाकर ब्लॉक में जमा कराए। राजकुमार जायसवाल के परिवार में नौ लोगों में से चार लोगों को नोटिस जारी किया गया था। इनके फाॅर्म जमा किए गए थे, लेकिन 2003 की सूची से मिलान के लिए अलग से दस्तावेज मंगाने पड़े। नए मतदाताओं को भी दस्तावेज एकत्रित करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।