अंबेडकरनगर में कटेहरी क्षेत्र के दुल्लापुर स्थित शिव बाबा में शुक्रवार को बाबा जयगुरुदेव की 38 दिवसीय शाकाहार, सदाचार, मद्यनिषेध एवं आध्यात्मिक जनजागरण यात्रा के तहत सत्संग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बाबा पकंज महाराज ने कहा कि मानव जीवन अमूल्य है और इसका सदुपयोग अच्छे कर्म, भजन और सत्संग के माध्यम से करना चाहिए। शरीर नश्वर है इसलिए जीवन को सही दिशा देने के लिए सदाचार और आध्यात्मिक मार्ग अपनाना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से मांसाहार, नशाखोरी और हिंसा से दूर रहने की अपील की। उन्होंने शाकाहार अपनाने और मानवता की सेवा को जीवन का महत्वपूर्ण उद्देश्य बताया। उन्होंने कहा कि समाज में शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने आचरण में सकारात्मक बदलाव लाना चाहिए। चरित्र ही व्यक्ति की सबसे बड़ी पूंजी है। सत्संग के बाद श्रद्धालुओं के लिए नामदान कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान जयगुरुदेव संतमत के जिला अध्यक्ष जोखन राम, राम लखन, सत्यपाल पाल, पिंटू शुक्ला, अजय सिंह, वीरेंद्र यादव, व अन्य उपस्थित रहे। जनजागरण यात्रा का अगला कार्यक्रम शनिवार को कटेहरी के ग्राम हृदयपुर में आयोजित किया जाएगा। यहां सुबह आठ बजे से सत्संग व नामदान कार्यक्रम होगा।