अंबेडकरनगर में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के व्यवसायी अपने प्रतिष्ठानों पर होली को लेकर तैयारियों में जुट गए हैं। शहर की शहजादपुर बाजार में रंगत दिखने लगी हैं। बच्चों में अभी से ही पिचकारियों को लेकर खासा उत्साह नजर आ रहा है। बाजार में 10 रुपये से लेकर 350 रुपये तक की पिचकारियां उपलब्ध हैं। कई तरह के हर्बल रंग भी दुकानों पर बिकने के लिए पहुंच गए हैं। बच्चों को सबसे ज्यादा म्यूजिकल पिचकारियां भा रही हैं। इसी के साथ मिसाइल, कुल्हाड़ी, बंदूक, वाटर टैंक और हथौड़ा पिचकारी मार्केट में शोभा बढ़ा रही हैं। दुकानदार हरिलाल का कहना है कि अधिक से अधिक पिचकारियों का बिक्री हो सके। इसके लिए अलग-अलग वैरायटी की पिचकारियां लाए हैं। दुकान में दो से लेकर 500 रुपये तक के रंग व गुलाल मौजूद हैं। दुकानदार अहमद का कहना है कि हर वैरायटी की पिचकारियां, रंग, गुलाल और मुखौटा उपलब्ध हैं। इस बार व्यापार अच्छा रहने की उम्मीद है।