अंबेडकरनगर में पंजाब नेशनल बैंक की छज्जापुर शाखा टांडा में ग्रामीणों से हुई डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी मामले में पुलिस ने बीमा एजेंट उमेर अहमद को फुलवरिया तिराहे व पॉलिसी एडिटर शरद को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। अब तक की छानबीन में बैंक के तत्कालीन मैनेजर व दो कर्मचारियों की भूमिका सामने आई है। पुलिस ने ठगी की रकम से अर्जित अर्टिका कार, एक बुलेट, एक स्कूटी, सैमसंग मोबाइल, एक आईफोन 15 प्रो जब्त किया है। साथ ही ठगी की रकम वाले 13 बैंक खातों को भी सीज किया गया है। पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर बताया कि चार फरवरी को जनता दर्शन में रूपवती के साथ 15-16 व्यक्ति ने प्रार्थना पत्र दिया था। इसमें बताया था कि कि टांडा के मकान नंबर 246 पीलीकोठी मुबारकपुर दक्षिणी निवासी उमेर अहमद ने बैंक कर्मियों के साथ मिलकर पॉलिसी देने के नाम पर एनटीपीसी-एनएचएआई से भूमि अधिग्रहण से अर्जित मुआवजे की रकम को जालसाजी कर हड़प लिया है। सीओ टांडा शुभम कुमार व इंस्पेक्टर दीपक रघुवंशी की जांच में प्रकाश में आया कि उमेर वर्ष 2019 साल से रुपये दोगुना करने का लालच देकर जालसाजी कर रहा था। इसमें पीड़ितों की ओर से दी गई धनराशि में से कुछ की पॉलिसी व एफडी कराता था। शेष रकम बैंक मैनेजर व दो बैंक कर्मियों को स्थानांतरित कर देता था। इसके साथ ही बैंक कर्मियों को गैजेट्स भी गिफ्ट में देता था।