अंबेडकरनगर में कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरुकता कार्यक्रम के तहत चार दिवसीय किसान महोत्सव, पारंपरिक विराट किसान मेले का शुभारंभ हुआ। यह आयोजन श्रवण धाम में किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन विधान परिषद सदस्य डॉ. हरिओम पांडे, विधायक धर्मराज निषाद तथा मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। एमएलसी ने किसानों से अपील की कि वे पराली न जलाएं, बल्कि कृषि यंत्रों की सहायता से उसे खेत में उर्वरक के रूप में उपयोग करें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा दिए जा रहे अनुदान के तहत किसान सोलर पंप लगवाएँ, जिससे बिजली की बचत होगी और सिंचाई व प्रकाश की व्यवस्था सुगम हो सकेगी। उन्होंने यह भी कहा कि किसान ही देश का अन्नदाता है, किसान खुशहाल रहेगा तभी देश तरक्की करेगा। विभिन्न संस्थाओं ने अपने स्टॉल लगाकर किसानों को आधुनिक तकनीक, नवाचार तथा कम लागत में अधिक उत्पादन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। विधायक धर्मराज निषाद ने सरकारी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि किसान देश का भविष्य है और सरकार किसानों के उत्थान के लिए लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है। उप कृषि निदेशक डॉ. अश्विनी सिंह, ब्लॉक प्रमुख कटेहरी अनिल कुमार, मौसम वर्मा, श्रवण धाम मंडल अध्यक्ष लाल बहादुर पाल, विवेक पांडे, महामंत्री महेंद्र गौड़, उपाध्यक्ष अतुल द्विवेदी, रविंद्र पांडे, प्रदीप पांडे सहित अनेक किसान और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।