प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को मंत्रोच्चारण के बीच गंगा, यमुना और अद़श्य सरस्वती की त्रिवेणी के में पुण्य की डुबकी लगाकर पूरी दुनिया को एकता का संदेश दिया। पांच डुबकी लगाने के साथ उन्होंने खुशहाल एवं सशक्त भारत तथा विश्व कल्याण की कामना की। उन्होंने भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान वह रुद्राक्ष की माला का जप करते भी नजर आए। डुबकी लगाने के बाद उन्होंने गंगा पूजन और आरती भी की। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री सुबह करीब सवा 10 बजे बमरौली एयरपोर्ट पर उतरे और वहां से करीब साढ़े 10 बजे अरैली में हेलीपैड पर पहुंचे। हेलीपैड पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद अरैल घाट से विशेष मोटर बोट से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री संगम घाट आए। फिर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया और तर्पण भी किया। संगम स्नान के बाद उन्होंने पूरे विधि विधान से पूजन अर्चन भी किया।