गंगा-यमुना के जलस्तर में एक बार फिर से बढ़ोतरी शुरू हो गई है। बीते 24 घंटे के दौरान दोनों नदियों का जलस्तर तकरीबन सवा मीटर बढ़ने से शहर के निचले इलाकों में हड़कंप मच गया। यमुना का जलस्तर 80 मीटर के आंकड़े को पार कर गया। इस बीच बीते 24 घंटे के दौरान प्रयागराज में 37.75 मिमी बारिश दर्ज हुई। सर्वाधिक बारिश करछना तहसील में 74 मिमी दर्ज हुई, जबकि यमुनापार के मेजा में 50 मिमी बारिश हुई।