जिला कचहरी में लगी राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन इलाहाबाद हाईकोर्ट के प्रशासनिक न्यायमूर्ति सिद्धार्थ वर्मा ने किया। इस मौके पर पारिवारिक कलह को लेकर जुदा हुए नौ जोड़ों ने फिर से साथ चलने का फैसला लिया। न्यायिक अधिकारियों की मौजूदगी में एक दूसरे को माला पहनाकर और मिठाइयां खिलाकर फिर से एक दूसरे का हाथ थामकर जीवन भर साथ चलने का संकल्प लिया और खुशी-खुशी घर के लिए रवाना हुए। एक जोड़े के बीच सहमति नहीं बनी और दोनों ने रजामंदी से अपने रास्ते अलग कर लिए। इस अवसर पर जिला जज संतोष राय, परिवारिक न्यायालय के प्रधान न्यायधीश डॉ बाल मुकुंद, अपर परिवारिक न्यायधीश रश्मि सिंह, निशा सिंह, सुशील कुमारी, परामर्शदाता मीनाक्षी त्रिपाठी, श्वेता सिंह, अधिवक्ता शीबा उस्मानी, अभिषेक श्रीवास्तव, मुमताज आलम, वेद प्रकाश पांडेय, अनीता मसीहुद्दीन आदि लोग मौजूद रहे।