16 जुलाई को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने खैर बिजलीघर का घेराव किया। उन्होंने विद्युत कटौती और उपभोक्ताओं से कथित दुर्व्यवहार का विरोध करते हुए उपखंड अधिकारी के स्थानांतरण की मांग की। भाजपा मंडल महामंत्री कालीचरण शर्मा ने कस्बे में लगातार बिजली कटौती पर नाराजगी जताई। उन्होंने उपखंड अधिकारी योगेंद्र सिंह पर उपभोक्ताओं से अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया। शर्मा ने यह भी बताया कि उपखंड अधिकारी का सीयूजी नंबर अक्सर रिसीव नहीं होता। उनका कहना था कि अधिकारियों का ऐसा व्यवहार सरकार की छवि को धूमिल कर रहा है। प्रदर्शनकारियों ने बिजली व्यवस्था में सुधार और अनावश्यक कटौती पर रोक लगाने की मांग की। इस दौरान भाजपा जिला कोषाध्यक्ष सुशील गर्ग, मंडल अध्यक्ष प्रमोद गर्ग आदि मौजूद रहे।