अलीगढ़ शहर में स्विमिंग पूल का बढ़ता चलन अब सवालों के घेरे में है। गर्मी से बचने के लिए पूल का सहारा ले रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर सुरक्षा मानकों की अनदेखी, गंदे पानी और अव्यवस्थित व्यवस्था इसे जोखिम भरा बना रही है। बच्चे जिस तरह ऊपर से पूल में डाइव कर रहे हैं, वह जोखिम भरा है, क्योंकि पूल की गहराई पांच फीट है, जबकि छलांग 10 फीट से लगा रहे हैं। पूल में औसत से ज्यादा लोगों की तादाद होने से जल भी प्रदूषित हो रहा है। इससे त्वचा संबंधी बीमारियां फैलने का खतरा है। शहर में स्कूल, अपार्टमेंट, रिसॉर्ट में एक दर्जन स्विमिंग पूल हैं, जबकि एएमयू में तीन स्विमिंग पूल हैं। इनमें एक पूल ओलंपिक मानक का है।