अलीगढ़ में थाना रोरावर क्षेत्र के गांव तालसपुर में ईद की नमाज के बाद दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ। विवाद की जड़ दो दिन पहले गली में लगी झालर थी, जो गाड़ी टकराने से टूट गई थी। इसी रंजिश में ईद की नमाज के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से पत्थरबाजी शुरू हो गई। इस हमले में एक पक्ष के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस फिलहाल घायलों को उपचार के लिए भेजकर मामले की गहन जांच और आरोपियों की धरपकड़ में जुटी है।