आगरा। जगदीशपुरा क्षेत्र का एक युवक 19 मई की रात से लापता है। मां ने बेटे के अपहरण की आशंका जाहिर की है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करने के बाद सुनवाई नहीं की। पीड़िता ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। नगला अजीता, जगदीशपुरा निवासी सुनीता ने कोर्ट में प्रार्थनापत्र दिया। इसमें कहा कि उनका बेटा कृष्णा 19 मई की रात 11 बजे से लापता है। उसकी काफी जगह तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस पर पुत्रवधू नंदनी ने 24 मई को गुमशुदगी दर्ज कराई। इसके बावजूद पुलिस बेटे को नहीं तलाश कर सकी। आरोप लगाया कि मोहल्ले के देवेंद्र, राजकुमार आदि कह रहे हैं कि बेटे ने रकम उधार ली थी। इसे वापस करो, जबकि बेटे के लेन-देने के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह लोग मकान पर कब्जे की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि आरोपियों ने बेटे का अपहरण कर लिया है। कृष्ण के दो बेटियां हैं। मामले में कोर्ट के आदेश पर तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।