आगरा, आज शहर यूथ कांग्रेस, आगरा द्वारा शहर अध्यक्ष अरसल अहमद के नेतृत्व में मदिया कटरा चौराहा स्थित पेट्रोल पंप पर मिलावटी E20 पेट्रोल एवं उससे आम जनता के वाहनों को हो रहे नुकसान के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार, तेल कंपनियों एवं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मांग की कि E20 पेट्रोल से आम जनता के वाहनों को हो रहे नुकसान को तत्काल रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएँ। साथ ही E20 पेट्रोल से वाहनों पर पड़ रहे प्रभाव की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराकर दोषियों की जवाबदेही तय की जाए तथा आम नागरिकों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि इस गंभीर जनहित के मुद्दे पर शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो यूथ कांग्रेस भविष्य में और व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। शहर अध्यक्ष अरसल अहमद ने कहा कि आम नागरिक अपनी मेहनत की कमाई से वाहन खरीदता है और यदि ईंधन की गुणवत्ता के कारण उसके वाहन को नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदारी सरकार और संबंधित एजेंसियों की बनती है। उन्होंने कहा कि जनता की जेब पर बढ़ते आर्थिक बोझ और वाहनों को हो रहे नुकसान को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। यूथ कांग्रेस आम जनता के हितों से जुड़े हर मुद्दे पर मजबूती से आवाज़ उठाती रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर संघर्ष को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में अज़हर वारसी, सचिन चौधरी,अनुज शिवहरे,बंटी रंगरेज,मोअज़्ज़म ख़ान,आरिफ़ वारसी,अरशद ख़ान,विवेक सिंह, ज़िशान खान,मुजाहिद अहमद,में भाग लेकर सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।