आगरा। शहर की युवा क्रिकेट प्रतिभाओं के बीच खेले गए अंडर-12 अभ्यास मैच में ताज स्पोर्ट्स क्रिकेट अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पीके अकादमी को 6 विकेट से हरा दिया। मुकाबले में दोनों टीमों के नन्हे खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी में बेहतरीन खेल दिखाया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पीके अकादमी ने निर्धारित 30 ओवर में 8 विकेट पर 192 रन बनाए। टीम की ओर से रिहांश ने 39 और सहज सिंह ने 31 रन की पारी खेलीं। ताज स्पोर्ट्स क्रिकेट अकादमी की ओर से गेंदबाजी में गौतम और कार्तिक चौहान ने 2-2 विकेट झटके। वहीं अक्षरा और दीपेश को 1-1 सफलता मिली। 193 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ताज स्पोर्ट्स अकादमी ने 27.2 ओवर में 4 विकेट पर 196 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। जीत के हीरो 10 वर्षीय गौतम रहे, जिन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 80 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। उनके अलावा अक्षरा जयश ने 25 रन, मुगल तोमर ने 21 रन और 9 वर्षीय आर्यन जादौन ने 13 रन का योगदान दिया। ताज अकादमी के कोच प्रवेश भारद्वाज ने खिलाडियों के प्रदर्शन को सराहा।