आगरा कैंट स्टेशन पर रविवार को आरपीएफ कर्मियों पर डिप्टी स्टेशन अधीक्षक (डिप्टी एसएस) नरेंद्र सिंह चाहर के साथ मारपीट कर उन्हें घसीटते हुए थाने ले जाने का आरोप लगा है। घटना के बाद प्लेटफॉर्म पर हंगामा मच गया। हीराकुंड एक्सप्रेस कुछ देर तक स्टेशन पर खड़ी रही। कैंट स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर हीराकुंड एक्सप्रेस के पहुंचने दौरान आरपीएफ और डिप्टी स्टेशन अधीक्षक नरेंद्र सिंह चाहर के बीच विवाद हो गया। जीआरपी के अनुसार लुधियाना से ट्रेन में यात्रा कर रही एक महिला यात्री रंजीता राव पेठा खरीदने के लिए ट्रेन से उतर गईं थी। प्लेटफाॅर्म पर पेठा ल ेने के दाैरान खुले पैसे मिलने में देरी होने पर ट्रेन चलने लगी। महिला ने डिप्टी एसएस से कहा कि ट्रेन को रुकवा दीजिए। इस पर डिप्टी एसएस ने गार्ड को सूचना देकर ट्रेन रुकवा दी, ताकि महिला यात्री सुरक्षित ट्रेन में सवार हो सके। इसी दौरान मौके पर पहुंचे आरपीएफ कर्मियों ने ट्रेन रुकने को चेन पुलिंग का मामला समझ लिया। डिप्टी एसएस द्वारा स्थिति स्पष्ट किए जाने के बाद भी विवाद बढ़ गया। आरोप है कि आरपीएफ कर्मियों ने डिप्टी एसएस के साथ मारपीट की और उन्हें घसीटते हुए थाने ले गए। घटना से प्लेटफॉर्म पर अफरातफरी मच गई और यात्रियों की भीड़ जुट गई। हंगामे के कारण हीराकुंड एक्सप्रेस कुछ देर तक स्टेशन पर खड़ी रही। सूचना मिलने पर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। जीआरपी सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है।