आगरा। थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल बेचने की फिराक में खड़े दो शातिर बदमाशों को रविवार को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की एक बाइक और एक देशी तमंचा मय कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ चोरी और आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय में पेश किया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम रविवार को क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भवानी सिंह कॉलेज के पास दो संदिग्ध युवक चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में खड़े हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और गोविन्दा तथा जितेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और जांच में बरामद एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल थाना न्यू आगरा क्षेत्र से चोरी की निकली। तलाशी के दौरान एक आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी गोविन्दा निवासी जगजीवन नगर (मूल निवासी सरन नगर, दयालबाग) पर चोरी समेत कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं जितेन्द्र निवासी जगजीवन नगर के खिलाफ भी चोरी का मुकदमा दर्ज है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि उन्होंने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और उनके गिरोह में अन्य कौन-कौन शामिल हैं।