फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO: ट्रांसबिल-2026 पर फूटा गुस्सा, किन्नरों ने कलेक्ट्रेट में किया प्रदर्शन; सरकार को दी ये चेतावनी

Arun Parashar Updated Mon, 30 Mar 2026 03:30 PM IST

केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित ट्रांसबिल 2026 के खिलाफ सोमवार को कलेक्ट्रेट में किन्नर समुदाय ने हुंकार भरी। किन्नर महापंचायत के बैनर तले एकजुट हुए सैकड़ों लोगों ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। समुदाय ने दो टूक चेतावनी दी कि यदि उनके संवैधानिक अधिकारों से खिलवाड़ हुआ, तो देशव्यापी आंदोलन छेड़ा जाएगा। जिलाधिकारी के माध्यम से भेजे गए ज्ञापन में समुदाय ने नालसा बनाम भारत संघ (2014) के ऐतिहासिक फैसले का हवाला दिया। किन्नर राधिका ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को तीसरे लिंग के रूप में मान्यता देते हुए आत्म-पहचान को मौलिक अधिकार माना है। यदि प्रस्तावित बिल में लैंगिक पहचान को किसी प्रशासनिक या चिकित्सीय प्रमाण से जोड़ा जाता है, तो यह सीधे तौर पर संविधान के अनुच्छेद 14, 15, 19 और 21 का उल्लंघन होगा। प्रमुख प्रतिनिधि राधिका बाई ने प्रदर्शन के दौरान कहा, हम भी इस देश के नागरिक हैं। नालसा जजमेंट ने हमें पहचान दी थी, लेकिन ट्रांसबिल 2026 उसे कमजोर करने की कोशिश है। अगर हमारी पहचान ही छीन ली गई, तो हम सम्मान से कैसे जिएंगे? उन्होंने स्पष्ट किया कि समुदाय ऐसे किसी भी कानून को स्वीकार नहीं करेगा जो उन्हें समाज में पीछे धकेलता हो। महापंचायत के सदस्यों ने मांग की कि सरकार केवल कानून न बनाए, बल्कि ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्रों में संवेदनशील और ठोस नीतियां लागू करे। ज्ञापन में राष्ट्रपति से अपील की गई है कि वे इस विधेयक की गहन समीक्षा कर इसे निरस्त करने के लिए हस्तक्षेप करें। प्रदर्शन में किन्नर महापंचायत की अध्यक्ष गुरु रेखा मां, गुरु हरिया मां, गुरु मुकेश बाई मां, गुरु इंद्रा बाई मां, गुरु दिला मां, सचिव राधिका सोनी सहित ऊषा, सुनीता, पूजा, सरोज, प्रीति, गुड्डी, जरीना, जमीला, गुड़िया, मुस्कान, शोभा, खुशबू, किरण, अफसाना, ज्योति, निक्की, लच्यो, माला, मुन्नी, काजल, बाबरा, सलमा, रानी, सोनिया, सब्बो, चांदनी आदि उपस्थित रहे।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें