आगरा के बिचपुरी स्थित बलवंत एजुकेशनल सोसाइटी में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के विरोध में बिचपुरी में चल रहा धरना रविवार को 17वें दिन भी जारी रहा। प्रशासन की ओर से अब तक कोई सुनवाई न होने से आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने धरना स्थल पर मुंडन कराकर विरोध जताया है। धरनारत डॉ. वेदप्रकाश सोलंकी, किशन सिंह सोलंकी और मुकेश सोलंकी ने प्रशासन की उदासीनता के खिलाफ मुंडन कराया है। आंदोलनकारियों का कहना है कि कई बार ज्ञापन देने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी मामले में मौन साधे हुए हैं। वहीं, अंगूठी गांव निवासी प्रदीप राणा ने बताया कि धरना स्थल पर टेंट रोक को लेकर आंदोलनकारी खुले में रात बिताने को मजबूर हैं। ठंड के चलते कई लोगों की तबीयत बिगड़ने की आशंका बनी हुई है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन ने अब तक कोई राहत नहीं दी है। धरना दे रहे लोगों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।