आगरा के लोहामंडी के नगला गंगाराम निवासी स्कूल संचालक गुलशन केन कार लेकर दीवानी की ओर नहीं गए, इसके बाद भी ट्रैफिक पुलिस के कैमरों ने उनकी कार का चालक के हेलमेट नहीं पहनने पर 1100 रुपये का चालान कर दिया। कार स्वामी ने पूर्व स्वामी से कार का रजिस्ट्रेशन अपने नाम कराने के लिए आरटीओ में आवेदन किया था। चालान लंबित होने के कारण आरटीओ ने ट्रांसफर करने से मना कर दिया। इस बात से क्षुब्ध होकर वे 12 दिनों से हेलमेट पहन कर कार चला रहे हैं। गुलशन केन ने बताया कि वह मैकेनिकल इंजीनियरिंग के बाद घर पर ही स्कूल संचालित करते हैं। तमाम छात्रों को वह कानून का पालन करने की सीख देते हैं। यातायात पुलिस ने उनकी कार का ऑनलाइन चालान कर दिया। उन्होंने कुछ समय पहले दोस्त निखिल खंडेलवाल से कार खरीदी है। आरटीओ में रजिस्ट्रेशन अपने नाम कराने के लिए आवेदन किया हुआ है। आरटीओ ने कार ट्रांसफर करने से मना करते हुए चालान लंबित होने की जानकारी दी। सरकारी एप पर चालान की जानकारी की तो उनके होश उड़ गए। 26 नवंबर को एमजी रोड पर दीवानी के पास कार का 1100 रुपये का चालान चालक के हेलमेट पहने बिना ड्राइव करने के आरोप में किया गया था। इसके बाद से वह विरोध स्वरूप 12 दिनों से कार पर हेलमेट लगाकर चल रहे हैं। कोई पूछता है तो उसे चालान से बचने और पुलिस के कानून को मानने के लिए कहते हैं। मामले पर डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार ने बताया कि मामला उनके पास नहीं आया है। शिकायत मिलने पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।