आगरा के फतेहपुर सीकरी में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रशिक्षण के तीसरे दिन प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले समस्त प्रशिक्षकों एवं संबंधित कार्मिकों ने जनगणना के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से नगर में जागरूकता रैली निकाली। रैली का शुभारंभ नगर पालिका परिषद कार्यालय से हुआ, जो नगर के प्रमुख बाजारों एवं मार्गों से होती हुई ऐतिहासिक बुलंद दरवाजे तक पहुंची, जहां रैली का समापन किया गया। रैली के माध्यम से नागरिकों को जनगणना के महत्व, इसकी उपयोगिता तथा इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता एवं सहयोग के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं कार्मिकों ने आमजन से अपील की कि जनगणना के दौरान सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर राष्ट्रीय विकास की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश की भावी विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी नीतियों का महत्वपूर्ण आधार है। इस मौके पर राजस्व निरीक्षक जीतेश कुमार, वैभव श्रीवास्तव, बी के शर्मा, अंबेश कुमार, अवधेश कुमार, जिगनेश कुमार, सौरभ व्यास, निरंजन शर्मा, भगवान स्वरूप, अजीता, प्रीती सोलंकी, रानी सिंह, सुरेंद्र चौधरी, महाजीत इंदौलिया सहित समस्त प्रशिक्षक एवं संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।