आगरा के राजामंडी बाजार में बृहस्पतिवार को नगर निगम के टास्क फोर्स ने फुटपाथ, नालियों और गैलरी में फड़ नहीं लगाने दिया। टास्क फोर्स सदस्यों ने मुनादी कराकर दुकानदारों और फड़ लगाने वालों को सख्त चेतावनी दी थी। दिनभर उन्होंने मुख्य मार्गों और गलियों में लगातार गश्त की। जैसे ही कहीं फड़ या सामान फुटपाथ पर रखने की कोशिश हुई, टीम ने तुरंत उसे हटवा दिया। कार्रवाई के डर से कई व्यापारियों ने खुद ही अपना सामान अंदर कर लिया। टास्क फोर्स प्रभारी ने कहा कि फुटपाथ और नालियां आमजन की सुविधा के लिए हैं, इन पर अतिक्रमण करने से न केवल यातायात बाधित होता है बल्कि जल निकासी भी प्रभावित होती है। इसलिए ऐसे अतिक्रमण को किसी भी स्थिति में नहीं होने दिया जाएगा। कार्रवाई के दौरान नगर निगम कर्मियों ने लाउडस्पीकर से मुनादी कर लोगों को जागरूक भी किया। उन्हें जबरन फड़ लगाने पर जुर्माना लगाने की चेतावनी दी गई। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने कहा कि अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और शहर के अन्य बाजारों में भी इसी तरह की सख्ती बरती जाएगी, ताकि सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखा जा सके।