आगरा। हार्टअटैक के मरीजों के लिए 40 हजार रुपये वाला इंजेक्शन जीवनदायिनी बन रहा है। इससे अब तक 42 मरीजों की जान बचाई गई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीज आने के बाद 10 मिनट में जांच और इंजेक्शन लग जा रहा है। मरीजों के लिए और इंजेक्शन मंगाए जा रहे हैं। एसएन मेडिकल कॉलेज के हृदय रोग विभागाध्यक्ष डॉ. बसंत गुप्ता ने बताया कि सीएचसी पर हार्टअटैक का मरीज आने पर उसकी ईसीजी होती है। रिपोर्ट हृदय रोग विशेषज्ञों के व्हाट्सएप पर भेजते हैं। इसमें विशेषज्ञ की संस्तुति के बाद मरीज को इंजेक्शन लगाया जाता है। यह पूरी प्रक्रिया 10 मिनट में करनी होती है। एसएन कॉलेज को आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, एटा और हाथरस का नोडल सेंटर बनाया गया है।