आगरा। परिवहन विभाग की ओर से बाह बस डिपो में चालक परिचालक एवं सहयोगी स्टाफ के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य शिविर का आयोजन उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी, लखनऊ के सहयोग से किया गया। शिविर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी आगरा अरुण श्रीवास्तव, जिला क्षय रोग अधिकारी सुकेश गुप्ता, बाह के सीपीएम पुरुषोत्तम तिवारी, दिशा आगरा एवं एड्स रोग नियंत्रण अधिकारी की देखरेख में जांच की गई। जिला अस्पताल के डॉक्टर आशीष मित्तल ने कर्मचारियों से अपील की कि वे स्वास्थ्य कैंप में आकर अपनी जांच अवश्य कराएं। शिविर में नेत्र जांच, सामान्य रक्त परीक्षण, एचआईवी जांच व परामर्श, टीबी की स्क्रीनिंग, सी-19 एक्स-रे, एसटीआई तथा हेपेटाइटिस की जांच और परामर्श दिया गया। इसके साथ ही बस डिपो परिसर में नौटंकी के माध्यम से कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया। अधिकारियों ने अधिक से अधिक कर्मचारियों से कैंप का लाभ लेने की अपील की।