आगरा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्राचार्य अनिरुद्ध यादव ने रविवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं के साथ बैठकर खाना खाया और भोजन की गुणवत्ता परखी। प्राचार्य ने बताया कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय खंदौली में भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं मिली। छात्राओं के आवास की व्यवस्था भी बेहतर नहीं थी। इस पर उन्होंने तत्काल व्यवस्था सुधारने की हिदायत दी। वहीं, बरौली अहीर में व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर उन्होंने स्टाफ की सराहना की। प्राचार्य ने दोनों विद्यालयों के स्टाफ को निर्देश दिए कि छात्राओं को श्रेष्ठा योजना, अटल आवासीय विद्यालय समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाए। इस दौरान प्रवक्ता डॉ. मनोज कुमार वार्ष्णेय एवं लक्ष्मी शर्मा भी मौजूद रहे।