बटेश्वर पहुंचे कमिश्नर शैलेन्द्र कुमार सिंह ने रविवार को 106 करोड़ की लागत से हो रहे विकास कार्यो का निरीक्षण किया। कुंड और पार्किंग के लिए जमीन देखी। बटेश्वर में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग 106 करोड़ की लागत से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विकास करा रहा है। कमिश्नर ने 24 करोड़ की लागत से संरक्षित हो रहे यमुना के घाट, 17.57 करोड़ की लागत से हो रहे मंदिरों के संरक्षण का काम देखा। आधे से ज्यादा घाट विकसित हो गये हैं। 13 मंदिरों के संरक्षण का काम प्रगति पर है। इसके बाद 24.08 करोड़ की लागत से विकसित हो रहे मंदिर कारीडोर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने और समय सीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश निर्माण में लगी एजेंसी को दिए। कारीडोर क्षेत्र में 13.19 करोड़ की लागत से होने वाले कुंड के विकास और पार्किंग के लिए जमीन देखी। उन्होंने हिदायत दी कि कुंड में वर्षा जल के संचय का समुचित प्रबंध होना चाहिए। घाटों पर पसरी गंदगी देख कर उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए जिम्मेदारों को साफ सफाई रखने के सख्त निर्देश दिए। इससे पहले कमिश्नर ने ब्रह्मलाल जी मंदिर में पूजा की। पूजा मंदिर के पुजारी जय प्रकाश गोस्वामी, राकेश वाजपेयी, अशोक गोस्वामी, सोनम गोस्वामी, सूरज गोस्वामी ने विधि विधान से मंत्रोच्चारण के बीच पूजा कराई। इस दौरान परियोजना प्रबंधक शशिकांत शर्मा, इंजीनियर शैलेन्द्र सारास्वत, बिंटू सिंह, ठेकेदार बालकिशन चौहान, श्रीनिवास गोयल, तहसीलदार विजय श्याम दुबे, पीयूष गुप्ता, सतेन्द्र उपाध्याय आदि रहे।