आगरा में उत्तर मध्य रेलवे के एजीएम राजकुमार वानखेड़े ने आगरा-मथुरा रेलखंड के निरीक्षण के दौरान आगरा कैंट और राजा की मंडी रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। प्रतीक्षालय, पैदल ऊपरी पुल समेत अन्य व्यवस्थाएं देखीं। निर्माणाधीन कार्यों को समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। आगरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि निरीक्षण की शुरुआत आगरा कैंट स्टेशन से हुई। यहां प्रथम श्रेणी प्रतीक्षालय, द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय और पैदल ऊपरी पुल का मुआयना किया। इसके बाद कीठम स्टेशन पर नव निर्मित मालगोदाम और स्टेशन कर्मचारियों से पूछताछ कर कार्यप्रणाली का फीडबैक लिया गया। एजीएम ने एलएचएस संख्या 521 और 520 की स्थिति और रखरखाव की जानकारी भी ली। राजा की मंडी स्टेशन पर बनाए जा रहे आरओबी व अन्य यात्री सुविधाओं के चल रहे नए कार्यों की प्रगति देखी। अधिकारियों को निर्माण कार्यों के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एडीआरएम गिरीश कुमार गुप्ता भी मौजूद रहे।