आगरा में चेकिंग के दौरान एक वाहन से दो हजार किलोग्राम से अधिक प्रतिबंधित पॉलीथिन के बैग बरामद किए गए। बरामद पॉलीथिन को नगर निगम ने नष्ट करने के लिए अधिकृत एजेंसी को भेज दिया है। पिछले दिनों जीएसटी की टीम ने वाहन संख्या यूपी 80 एफ टी/2302 को सिकंदरा रोड से जांच के लिए पकड़ा था। जयपुर हाउस कार्यालय पर जांच की गई तो वाहन से 87 बैग बरामद हुए थे, जिनमें प्रतिबंधित पॉलीथिन के कैरी बैग भरे हुए थे। प्रत्येक बैग का वजन 25 किलोग्राम था। बैगों में 2175 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन के बैग थे। इस माल को आगरा और आसपास के क्षेत्रों में खपाया जाना था। निगम को सूचना देकर जीएसटी टीम ने पॉलिथीन के बैग सुपुर्द कर दिए।