हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की शिमला शहरी इकाई की त्रैमासिक बैठक शुक्रवार को कालीबाड़ी हॉल में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश के पेंशनरों से जुड़े लंबित मामलों, वित्तीय देनदारियों और विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पेंशनरों ने बकाया एरियर के भुगतान, महंगाई राहत (डीआर) की लंबित किस्तों को जारी करने और संशोधित पेंशन लाभों का जल्द निपटारा करने की मांग उठाई। इसके साथ ही चिकित्सा प्रतिपूर्ति (मेडिकल रिइम्बर्समेंट) के लंबित दावों को शीघ्र मंजूरी देने और कैशलेस उपचार सुविधा को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी जोर दिया गया। पेंशनरों ने कहा कि विभिन्न वित्तीय देनदारियां लंबे समय से लंबित पड़ी हैं, जिससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आर्थिक और व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से पेंशनरों के हितों को प्राथमिकता देते हुए लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने की मांग की। बैठक में पेंशनरों के कल्याण से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया और संबंधित मांगों को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए संयुक्त प्रयास करने पर सहमति बनी।