फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla: सेब सीजन से पहले सड़कें दुरुस्त करने की मांग, अतुल शर्मा बोले- लापरवाही से बागवानों को होगा भारी नुकसान

आगामी सेब सीजन को देखते हुए चौपाल विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या-15 गोरली मडावग से जिला परिषद सदस्य अतुल शर्मा ने प्रशासनिक तैयारियों पर चिंता जताई है। उन्होंने अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) शिमला को ज्ञापन सौंपकर सेब सीजन शुरू होने से पहले सड़क, परिवहन और ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की मांग की। अतुल शर्मा ने कहा कि ऊपरी शिमला की अर्थव्यवस्था काफी हद तक सेब उत्पादन पर निर्भर है और हजारों किसान-बागवान पूरे साल की आय इसी फसल से अर्जित करते हैं। ऐसे में यदि समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी नहीं की गईं तो इसका सीधा असर किसानों की आजीविका पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष कई स्थानों पर अपर्याप्त व्यवस्थाओं के कारण बड़ी मात्रा में सेब समय पर बाजार तक नहीं पहुंच पाया था, जिससे बागवानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। इस वर्ष भी बरसात शुरू हो चुकी है और 15 जुलाई से विभिन्न क्षेत्रों में सेब सीजन आरंभ होने वाला है, लेकिन जमीनी स्तर पर अभी तक पर्याप्त तैयारियां दिखाई नहीं दे रही हैं। जिला परिषद सदस्य ने बताया कि करगोली नाला-देहा मुख्य मार्ग, देहा-चौपाल सड़क, सरांह-जोड़ना-पुलबाहल-नेरीपुल मार्ग तथा बमटा-मडावग-खिड़की सड़क सहित कई संपर्क मार्गों की स्थिति खराब बनी हुई है। कई स्थानों पर गड्ढे, क्षतिग्रस्त हिस्से और झुके हुए पेड़ दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इन मार्गों की मरम्मत नहीं की गई तो सेब के परिवहन में गंभीर दिक्कतें आ सकती हैं। अतुल शर्मा ने प्रशासन से मांग की कि सेब सीजन से पहले सभी मुख्य और वैकल्पिक मार्गों को यातायात के लिए पूरी तरह तैयार किया जाए। साथ ही भारी बारिश की स्थिति में सड़कों को शीघ्र बहाल करने के लिए पर्याप्त मशीनरी की व्यवस्था की जाए और पुलिस विभाग प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन योजना लागू करे, ताकि सेब बिना बाधा के मंडियों तक पहुंच सके। उन्होंने पंचायत स्तर पर लिंक रोड खोलने के लिए विशेष फंड जारी करने, एचपीएमसी के लंबित भुगतान का शीघ्र निपटारा करने, बिना लाइसेंस सेब खरीद पर रोक लगाने और आढ़तियों की ओर से किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि प्रशासन को बागवानों को सभी व्यवस्थाओं और तैयारियों की जानकारी समय रहते उपलब्ध करानी चाहिए। इस दौरान कमल ठाकुर, नीलाक्ष, पूर्व बीडीसी सदस्य अनिल काकू, युवा मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मुनीष वर्मा, नितीश सहित कई स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें