राजधानी शिमला की भट्ठाकुफर फल मंडी सेब की गाड़ियों से पूरी तरह पैक हो गई हैं। वहीं बारिश होने के चलते आढ़तियों और बागवानों को मंडी में कारोबार करना मुश्किल हो गया। ज्यादा माल आने के चलते सेब के दामों में भी गिरावट आ गई है। एक हफ्ता पहले सेब की तीन हजार से 3,500 रुपए में बिकने वाली 40 किलो की पेटी मंगलवार को दो हजार से 2,500 में भी बिकी। इन दिनों रोजाना भट्ठाकुफर फल मंडी में 300 से 350 गाड़ियां सेब और नाशपाती की पहुंच रही हैं। मंगलवार शाम 4 बजे तक करीब 35 गाड़ियां ऐसी थी जिनका माल अनलोड नहीं हुआ था। वहीं सोमवार को भी ज्यादा भीड़ होने के चलते कुछ गाड़ियों का माल नहीं बिक पाया था। ऐसे में बागवानों को अपना माल बेचने के लिए मंगलवार का इंतजार करना पड़ा। आढ़तियों का कहना है कि मंगलवार को सुबह 7 बजे से मंडी में भीड़ लगना शुरू हो गई थी। वहीं दिन भर गाड़ियों के आने का सिलसिला जारी रहा। ऐसे में कारोबारी और बागवानों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।