मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू ने गुरुवार को शिमला में आयोजित नकद पुरस्कार वितरण समारोह में अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता 21 खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस दाैरान ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियाड और कॉमनवेल्थ स्पर्धाओं में जीतने वाले खिलाड़ियों पर धनवर्षा की गई। ऊना के पैरालंपिक एथलीट निषाद कुमार को सबसे अधिक 7.80 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। समारोह के दाैरान अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि जब कांग्रेस सरकार बनी तो प्रदेश का खजाना खाली था, पूर्व सरकार ने प्रदेश की संपदा को लुटा दिया गया था। हमारी सरकार ने कहा कि इस व्यवस्था से विभाग चलने वाले नहीं हैं और हमने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन कर आत्मनिर्भर बनाएंगे। एथलीट निषाद कुमार ने पुरस्कार राशि के लिए सीएम सुक्खू व प्रदेश सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पहली बार इस तरह का समारोह हिमाचल में हुआ। कहा कि खिलाड़ियों को मिलने वाली पुरस्कार राशि में कई गुना बढ़ोतरी की है।