हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त फ्रंट ने प्रदेश सरकार से पेंशनरों की लंबित वित्तीय देनदारियों का जल्द भुगतान करने की मांग उठाई है। फ्रंट के अध्यक्ष आत्मा राम शर्मा ने बुधवार को शिमला में प्रेस वार्ता कर सरकार से 15 अगस्त तक पेंशनरों के हित में बड़ी घोषणा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों की लंबित वित्तीय देनदारियों में से कम से कम 50 फीसदी राशि जारी करने की घोषणा सरकार को करनी चाहिए। इसके अलावा पेंशनरों के लंबित 15 फीसदी डीए में से कम से कम दो किस्तें जारी करने की मांग भी उठाई गई। फ्रंट ने तीसरी प्रमुख मांग में विभिन्न विभागों में लंबे समय से लंबित पेंशनरों के मेडिकल बिलों का शीघ्र भुगतान करने की मांग की। आत्मा राम शर्मा ने कहा कि सरकार संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी करे, ताकि पेंशनरों को मेडिकल खर्च के भुगतान के लिए लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े। आत्मा राम शर्मा ने बताया कि जुलाई में शिमला में संयुक्त फ्रंट के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात की थी। इसके अलावा बीते बुधवार को पेंशनरों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बिलासपुर में इन तीन सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से प्रतिनिधिमंडल को सकारात्मक आश्वासन दिया गया है। फ्रंट को उम्मीद है कि सरकार 15 अगस्त के अवसर पर पेंशनरों के हित में बड़ी घोषणा करेगी।