नई दिल्ली में आयोजित एआई शिखर सम्मेलन के दौरान हुए विरोध-प्रदर्शन मामले में शामिल तीन युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जिला शिमला के रोहड़ू क्षेत्र से गिरफ्तारी को लेकर शिमला में दिनभर हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। दिन में युकां कार्यकर्ताओं को पकड़कर ले जा रही दिल्ली पुलिस की टीम को हिमाचल पुलिस ने हिरासत में ले लिया। शिमला और सोलन के धर्मपुर में नाका लगाकर यह कार्रवाई की गई। इस घटनाक्रम से हिमाचल और दिल्ली पुलिस में टकराव की स्थिति पैदा हो गई है। हिमाचल पुलिस का दावा है कि दिल्ली पुलिस की यह कार्रवाई पूरी तरह से अवैध है। दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई से पहले न ही स्थानीय पुलिस को सूचना दी थी और न ही उसके पास कार्रवाई करने के लिए वैध दस्तावेज थे। इसके बाद दोपहर से लेकर शाम तक शिमला पुलिस की टीम दिल्ली पुलिस के कर्मचारियों को लेकर चक्कर में जिला एवं सत्र न्यायालय में पहुंची लेकिन रात को 7:30 बजे दिल्ली पुलिस की टीम कांग्रेस के तीनों कार्यकर्ताओं को अपने साथ लेकर चली गई है।