हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के सभागार में गुरुवार सुबह 10:30 बजे आदर्श संयुक्त राष्ट्र युवा संसद का शुभारंभ राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति, शिक्षकों, छात्र प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 200 छात्र प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं जो विभिन्न देशों और संस्थाओं की भूमिका निभाकर अंतरराष्ट्रीय मंचों की कार्यप्रणाली का अनुभव प्राप्त कर रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में वैश्विक दृष्टिकोण, संवाद क्षमता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समझ विकसित करना है। राज्यपाल ने अपने उद्घाटन भाषण में कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को नीति-निर्माण की प्रक्रिया और कूटनीतिक संवाद के महत्व से परिचित कराते हैं। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में भी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने बताया कि यह आयोजन विद्यार्थियों को संयुक्त राष्ट्र की कार्यशैली और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की व्यावहारिक समझ प्रदान करेगा। कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल का सम्मान किया गया और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।